Jyoti Malhotra: जासूसी के आरोपों में उलझी ज्योति, सदमे में पिता — बोले, अब बात नहीं करनी
ज्योति मल्होत्रा पर पाकिस्तान के लिए जासूसी करने का आरोप लगने के बाद से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनके पिता हरीश मल्होत्रा की तबीयत...

Hisar (Haryana): ज्योति मल्होत्रा पर पाकिस्तान के लिए जासूसी करने का आरोप लगने के बाद से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनके पिता हरीश मल्होत्रा की तबीयत बिगड़ गई है और उन्होंने मीडिया से पूरी तरह दूरी बना ली है। सोमवार रात उन्हें अस्पताल तक ले जाना पड़ा।
इकलौती बेटी की गिरफ्तारी के बाद हरीश मल्होत्रा गहरे सदमे में हैं। अब वे किसी से बात नहीं करना चाहते और अपने घर के दरवाजे बंद कर चुके हैं। दूसरी ओर, एनआईए ज्योति से घंटों पूछताछ कर रही है — खासतौर पर कश्मीर टूर, बॉर्डर वीडियो और पहलगाम हमले से जुड़े सवालों पर।
पाकिस्तान के लिए जासूसी के आरोप में गिरफ्तार यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा की गिरफ्तारी ने न सिर्फ उन्हें, बल्कि उनके परिवार को भी हिला कर रख दिया है। उनकी गिरफ़्तारी के बाद से मीडिया का ध्यान पूरी तरह से उनके परिवार की ओर है, लेकिन अब उनके पिता हरीश मल्होत्रा इस तनाव को झेल नहीं पा रहे हैं।
स्वास्थ्य बिगड़ा, अस्पताल ले जाना पड़ा
सूत्रों के मुताबिक, सोमवार रात हरीश मल्होत्रा की तबीयत अचानक ज्यादा खराब हो गई, जिसके चलते उन्हें अस्पताल ले जाना पड़ा। डॉक्टरों ने उन्हें ड्रिप चढ़ाई और दवाइयां दीं। उन्होंने बताया कि पिछले दो दिन से उन्हें कमजोरी महसूस हो रही थी और वे दवाइयों के सहारे खुद को ठीक रखने की कोशिश कर रहे थे।
मीडिया से दूरी, घर के दरवाजे बंद
गिरफ्तारी के शुरुआती दिनों में हरीश मल्होत्रा मीडिया से बात कर रहे थे और अपनी बेटी को निर्दोष बता रहे थे। लेकिन अब हालात बदल चुके हैं। दिल्ली, चंडीगढ़ और अन्य जगहों से आई मीडिया टीमों को उन्होंने मिलने से साफ इनकार कर दिया है। घर के बाहर इंतजार कर रहे पत्रकारों को भी लौटना पड़ा।
ज्योति का परिवार
बेटी की गिरफ्तारी ने 55 गज के एक छोटे से मकान में रहने वाले इस बुज़ुर्ग पिता की ज़िंदगी की रफ्तार थाम दी है। वे न ठीक से खा रहे हैं, न सो पा रहे हैं। घर में सामान बिखरा पड़ा है और उसे संभालने वाला कोई नहीं है। न स्मार्टफोन है, न इंटरनेट की जानकारी — बस आंखों में एक अधूरा सपना है जो शायद अब कभी पूरा नहीं होगा।
ज्योति का परिवार भारत-पाक बंटवारे के समय पाकिस्तान से भारत आया था। पहले फरीदकोट में कुछ महीने किराए के मकान में रहे और फिर हिसार शिफ्ट हो गए। कई सालों की मेहनत के बाद न्यू अग्रसेन कॉलोनी में 55 गज का अपना छोटा-सा घर बनाया। इसी घर में आज खामोशी पसरी हुई है।
एनआईए की 7 घंटे लंबी पूछताछ
इधर, ज्योति मल्होत्रा से एनआईए ने करीब 7 घंटे तक पूछताछ की है। पूछताछ का फोकस खासतौर पर पहलगाम आतंकी हमले से जुड़ा था। एनआईए यह जानने की कोशिश कर रही है कि हमले के दौरान ज्योति कहां थी और उसका जनवरी में पहलगाम जाने का मकसद क्या था।
पहलगाम और बॉर्डर वीडियो पर सवाल
ज्योति ने जनवरी में कश्मीर का टूर किया था और हर टूरिस्ट लोकेशन की वीडियो बनाई थी। पहलगाम हमले को लेकर उसने एक वीडियो में कहा था कि “हम भी जिम्मेदार हैं, निगरानी रखनी चाहिए। आतंकियों को सपोर्ट करने वाले भारतीय नहीं हैं।” इन बयानों के बाद उसकी गतिविधियों पर सवाल खड़े हो गए।
इतना ही नहीं, उसने राजस्थान के थार इलाके में बॉर्डर के बेहद करीब जाकर तारबंदी वाले वीडियो भी बनाए थे। इन वीडियो में सीमा की संवेदनशील तस्वीरें थीं, जो जांच एजेंसियों के रडार पर आ गईं। अब ये भी देखा जा रहा है कि उसने किन लोगों से मुलाकात की और किस मकसद से ये वीडियोज बनाए।