हरियाणा में सरकारी नौकरी वालों की बल्ले-बल्ले! अब छुट्टी वाले दिन काम करने पर मिलेगी छुट्टी
हरियाणा सरकार ने ग्रुप-C और D कर्मचारियों को बड़ा तोहफा दिया है। अब अगर वे छुट्टी वाले दिन काम करते हैं, तो एक महीने के भीतर कभी भी छुट्टी (comp off) ले सकते हैं। साथ ही महिला कर्मचारियों को अब मिलेंगी ज्यादा आकस्मिक छुट्टियां।

चंडीगढ़ से आई एक राहत भरी खबर ने हरियाणा के सरकारी कर्मचारियों के चेहरों पर मुस्कान ला दी है। राज्य सरकार ने ग्रुप-C और ग्रुप-D के रेगुलर कर्मचारियों के लिए एक नई सुविधा लागू कर दी है, जिसके तहत अब अगर कोई कर्मचारी छुट्टी वाले दिन ड्यूटी करता है, तो उसे अगले एक महीने के अंदर कभी भी उस दिन की छुट्टी यानी comp off लेने का विकल्प मिलेगा।
हालांकि, इसमें यह शर्त जोड़ी गई है कि यह comp off 16 दिनों से ज्यादा नहीं हो सकती और अगर इसे एक महीने के अंदर नहीं लिया गया, तो यह अपने आप समाप्त हो जाएगी। साथ ही, अगर उस अतिरिक्त काम के लिए किसी तरह का इंसेन्टिव यानी प्रोत्साहन पहले ही मिल चुका है, तो फिर comp off नहीं दी जाएगी।
आकस्मिक अवकाश की संख्या में बदलाव
इसके अलावा, सरकार ने हरियाणा सिविल सेवा नियम 2016 में भी संशोधन करते हुए आकस्मिक अवकाश (Casual Leave) की संख्या बढ़ा दी है। अब 30 जून 2025 से पहले भर्ती हुई सभी स्थायी महिला कर्मचारियों को हर साल 25 आकस्मिक छुट्टियां मिलेंगी। पहले यह संख्या 20 थी। वहीं पुरुष स्थायी कर्मचारियों को अब 10 आकस्मिक छुट्टियां दी जाएंगी।
इस फैसले से जहां एक तरफ कर्मचारियों को काम के दबाव से कुछ राहत मिलेगी, वहीं छुट्टियों को लेकर अधिक लचीलापन मिलने से कर्मचारी अपने निजी समय को बेहतर ढंग से मैनेज कर पाएंगे।
सरकार का यह कदम न सिर्फ कर्मचारियों के हक में है, बल्कि इससे उनके काम के प्रति उत्साह और संतुलन बनाए रखने में भी मदद मिलेगी।