Haryana News: सैनी सरकार ने की ऐक्शन की तैयारी, अब हरियाणा में यूट्यूबरों पर लगेंगी कई पाबंदी
हरियाणा सरकार ने राज्य में पाकिस्तान समर्थित ऑपरेटिव्स और स्लीपर सेल्स को लेकर सतर्कता और निगरानी तेज कर दी है। इस दिशा में सोशल मीडिया और यूट्यूब चैनलों

चंडीगढ़: हरियाणा सरकार ने राज्य में पाकिस्तान समर्थित ऑपरेटिव्स और स्लीपर सेल्स को लेकर सतर्कता और निगरानी तेज कर दी है। इस दिशा में सोशल मीडिया और यूट्यूब चैनलों की गहन जांच शुरू हो गई है। गृह सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि कुछ यूट्यूब चैनलों की गतिविधियों को लेकर रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है।
उन्होंने कहा कि, “राज्य में सोशल मीडिया पर नजर रखने के लिए स्पेशल सेल्स बनाए गए हैं जो हर गतिविधि पर बारीकी से निगरानी रख रहे हैं। जिन भी चैनलों या व्यक्तियों के पाकिस्तान से लिंक मिले हैं या जो स्लीपर सेल के रूप में काम कर रहे हैं, उन पर लगातार कार्रवाई की जा रही है।”
ज्योति मल्होत्रा मामला: कोई इंटेलिजेंस फेलियर नहीं – गृह सचिव
हिसार से पकड़ी गई पाकिस्तानी जासूस और यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा के मामले में उठे सवालों पर डॉ. सुमिता मिश्रा ने कहा कि, “यह इंटेलिजेंस फेलियर नहीं है। भारत एक लोकतांत्रिक देश है और किसी को भी यहां वैध दस्तावेजों के साथ यात्रा करने का अधिकार है। ज्योति मल्होत्रा भी वैध कागजों के साथ आई थीं। हालांकि, कुछ तथ्य समय के साथ ही उजागर होते हैं और उन पर कार्रवाई होती रहती है।”
उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार की नजर हर संदिग्ध गतिविधि पर है और पाकिस्तान समर्थित नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।