Narwana News : सीआईए नरवाना की दो बड़ी कामयाबी, हनीट्रैप आरोपी और पंजाब का नशा तस्कर गिरफ्तार
नरवाना पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चल रहे विशेष अभियान के तहत दो अलग-अलग मामलों में अहम सफलता हासिल की है। एक तरफ जहां हनीट्रैप के जरिए 8 लाख रुपये ऐंठने के केस में फरार...

Narwana News: नरवाना पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चल रहे विशेष अभियान के तहत दो अलग-अलग मामलों में अहम सफलता हासिल की है। एक तरफ जहां हनीट्रैप के जरिए 8 लाख रुपये ऐंठने के केस में फरार चल रहे आरोपी को काबू किया गया है, वहीं दूसरी तरफ एक नशा तस्कर को 9.35 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया गया है।
हनीट्रैप केस में 8 लाख की डील, पुलिस ने रेड कर पकड़ा आरोपी
सीआईए स्टाफ नरवाना ने पुलिस अधीक्षक जींद कुलदीप सिंह के मार्गदर्शन में हनीट्रैप मामले में कार्रवाई करते हुए एक और आरोपी को अरेस्ट किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान संदीप, निवासी उचाना मंडी के रूप में हुई है।
दरअसल, 8 जनवरी को थाना सदर नरवाना में एक महिला ने मनीष नाम के युवक पर रेप का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज करवाया था। इस केस की जांच डीएसपी नरवाना के पास थी। जांच के दौरान आरोपी मनीष की मां ने शिकायत दी कि आरोप लगाने वाली महिला समझौते के एवज में 8 लाख रुपये की डिमांड कर रही है, जिसमें से 1 लाख रुपये पहले ही लिए जा चुके हैं।
इस शिकायत के आधार पर सीआईए प्रभारी को जांच सौंपी गई और एएसआई रमेश कुमार की अगुवाई में एक टीम बनाई गई। पुलिस ने 8 लाख की नकदी के नोटों के सीरियल नंबर दर्ज करके शिकायतकर्ता को दिए और तय प्लान के मुताबिक आरोपी को उचाना कलां गांव की एक परचून की दुकान पर बुलाया गया। जैसे ही आरोपी ने पैसे लिए, मौके पर मौजूद टीम ने तुरंत रेड मार दी और आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
हालांकि, संदीप मौके से फरार हो गया था, लेकिन सीआईए टीम को सूचना मिली कि वह किसी जान-पहचान वाले के पास आने वाला है। प्लान के तहत जाल बिछाया गया और आखिरकार उसे भी दबोच लिया गया। संदीप के खिलाफ थाना उचाना में मुकदमा नंबर 63 दर्ज किया गया है, जिसमें भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(2), 308(6), 61(2) के तहत केस चल रहा है। आरोपी को जल्द कोर्ट में पेश किया जाएगा।
9.35 ग्राम हेरोइन के साथ पंजाब का तस्कर गिरफ्तार
इसी दिन सीआईए नरवाना की टीम ने नशा तस्करी के खिलाफ भी बड़ी कार्रवाई की। गुप्त सूचना के आधार पर चमेला कॉलोनी के पास पंजाब के एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया, जिसके पास से 9.35 ग्राम हेरोइन बरामद हुई है। आरोपी की पहचान रितु पुत्र बलविंदर सिंह, निवासी स्पेडा जिला पटियाला (हाल पातड़ा जिला पटियाला) के रूप में हुई है।
सीआईए प्रभारी एसआई सुखदेव सिंह ने बताया कि टीम, एएसआई रमेश कुमार के नेतृत्व में अनाज मंडी नरवाना में मौजूद थी, जब उन्हें सूचना मिली कि एक तस्कर चमेला कॉलोनी इलाके में हेरोइन की डील के लिए आया है। तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया गया और एक्शन लेते हुए आरोपी को काबू कर लिया गया।
राजपत्रित अधिकारी राजदीप भाटिया (AETO जींद) की मौजूदगी में तलाशी ली गई, जिसमें 9.35 ग्राम हेरोइन (heroin) बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ थाना सिटी नरवाना में NDPS एक्ट की धारा 21B/61/85 के तहत केस नंबर 154, दिनांक 27 मई 2025 को दर्ज किया गया है। उसे आज अदालत में पेश किया जाएगा।